मिर्जापुर के झिंगुरा रेल खंड के मध्य तीसरी रेल लाइन के निर्माण कार्य के दौरान मिट्टी धंसने के कारण वाराणसी- प्रयागराज रेल खंड पर ट्रेनों का संचालन प्रभावित हो गया है। मिर्जापुर रूट की कई ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से चलाए जाने के कारण ज्ञानपुर रोड होकर चलने वाली आठ ट्रेनें घंटों विलंब से चल रही हैं। जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वाराणसी-प्रयागराज रेलखंड के ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन पर बुधवार को कई प्रमुख ट्रेनें विलंब से पहुंचीं। जिसमें दानापुर सुपरफास्ट 5 घंटे 31 मिनट, बनारस सुपरफास्ट साप्ताहिक 2 घंटे 31 मिनट, छपरा क्लोन 1 घंटा 21 मिनट, सुपौल विशेष ट्रेन 2. घंटा 39 मिनट, पवन एक्सप्रेस 2 घंटा 38 मिनट, दानापुर सुपरफास्ट 3 घंटा 32 मिनट और विभूति एक्सप्रेस 2 घंटे 09 मिनट और झूसी बनारस मेमू 2.38 मिनट की देरी से ज्ञानपुर रोड पहुंची। इसके कारण यात्रियों को स्टेशन पर काफी इंतजार करना पड़ रहा है। स्टेशन पर उन्हें परेशानी उठानी पड़ रही है।
स्टेशन अधीक्षक वीरेन्द्र दुबे ने बताया कि वाराणसी-प्रयागराज के मिर्जापुर रेल खंड पर झिंगुरा के पास मिट्टी धंसने के कारण इस तरह की समस्या आई है। मिर्जापुर रूट की गाड़ियों के डायवर्जन से वाराणसी-प्रयागराज रेल खंड पर दबाव बढ़ गया है। जिससे स्टेशन से होकर चलने वाली नियमित गाड़ियां भी विलंब से चल रही हैं। रेलवे प्रशासन द्वारा मिट्टी धंसने वाली जगह को सुरक्षित करने का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। जल्द ही परिचालन सामान्य होगा।