जंगीगंज हाल्ट के पश्चिमी प्वाइंट को हटाते रेल कर्मी। संवाद
- फोटो : BHADOHI
ज्ञानपुर। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी-रामबाग रेल खंड पर हाल्टों पर अब ट्रेनों को क्रासिंग की सुविधा नहीं मिल सकेगी। क्रासिंग से होने वाली विलंबता से बचने के लिए इंजीनियरिंग विभाग हाल्टों के पूर्वी-पश्चिमी छोर पर लगभग एक दशक से कार्यरत एफएम प्वाइंट को हटाकर ट्रैक को सीधा करने में जुट गया है। अनुमान लगाया जा रहा है कि 22 से 26 फरवरी के बीच नए ट्रैक पर ट्रेनों की रफ्तार भी बढ़ जाएगी। तीन वर्ष पूर्व केंद्र सरकार ने वाराणसी-रामबाग रेल खंड को विस्तारीकरण परियोजना में शामिल किया। 700 करोड़ से दोहरीकरण-विद्युतीकरण समेत अन्य कार्यों की शुरूआत रेल विकास निगम ने कराया था। 2021 तक दो चरणों में परियोजना का 50 फीसदी कार्य वाराणसी से ज्ञानपुर रोड स्टेशन तक पूरा करते हुए ट्रेनों का आवागमन कराया जा रहा है। ज्ञानपुर रोड स्टेशन से झूंसी-प्रयागराज तक बचे 50 फीसदी कार्य को तीसरे चरण में हंडिया तक फरवरी में पूरा कर लिया जाएगा। 2021 के शुरूआती दौर में कार्यदायी संस्था ने रेल खंड स्थित जंगीगंज, अहिमनपुर और सैदाबाद स्टेशनों से होने वाली आय को कम बताकर अंतरिम रिपोर्ट मंत्रालय को भेज दी थी। उसी समय से उक्त स्टेशन हाल्ट के दर्जे में आ गए। हाल्ट बने स्टेशनों को यथावत रखने के लिए लोगों ने विरोध-प्रदर्शन भी किया, लेकिन रेल मंत्रालय पर कोई असर नहीं पड़ सका। एक दशक से लगे तीसरे ट्रैक को हटाकर क्रासिंग की सुविधा भी समाप्त कर दी गई। रेलपथ निरीक्षक माधोसिंह सेक्शन एके सिंह ने बताया कि स्टेशन से हाल्ट बनने वाले स्टेशनों के दोनों ओर लगे प्वाइंट को हटाकर मात्र दो ट्रैक से ट्रेनों का संचालन कराया जाएगा। पूर्वी छोर से आने वाली ट्रेनें अप और पश्चिमी छोर से जाने वाली ट्रेन डाउन के रूप में रफ्तार भरेंगी। एफएम प्वाइंट और क्रासिंग ट्रैक के हटते ही ट्रेनें अपने निर्धारित गति से गतंव्य की ओर चलेंगी इससे यात्रियों को विलंबता से छुटकारा मिलेगा।