लालानगर। गोपीगंज मंडी समिति में व्यापारियों की सहूलियत के लिए डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से 20 नई दुकानें बनाई जा रही हैं। इसका निर्माण भी शुरू हो गया है। मंडी के व्यापारियों ने निर्माण में मानक का ध्यान न देने का आरोप लगाते हुए शनिवार को प्रदर्शन किया और उच्चाधिकारियों से गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की।
व्यापारी इम्तियाज अहमद, फैज मोहम्मद, सूरज कुमार और मुमताज अहमद ने घटिया निर्माण का आरोप लगाते हुए उच्च स्तरीय समिति से जांच कराने की मांग की। उनका कहना था कि मंडी समिति में 50 से ज्यादा फल, आलू व प्याज के व्यापारी कारोबार करते हैं। प्रतिदिन लाखों रुपये और महीने में करोड़ों रुपये का व्यापार होता है। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि नींव का काम भी ठीक तरीके से नहीं हो रहा है। उनका कहना था कि मुख्य मार्ग से मंडी समिति की सड़क काफी नीचे है। बारिश में मंडी समिति में जलभराव हो जाता है। ऐसे में नींव में पर्याप्त मात्रा में सीमेंट और सरिया का इस्तेमाल न होने पर वह कमजोर रह जाएगा। मंडी समिति के सचिव धीरेंद्र गुप्ता ने बताया कि यह कार्य मंडी की निर्माण समिति द्वारा कराया जा रहा है। निर्माण कार्य पर नजर रखी जा रही है। मंडी निर्माण समिति के डिप्टी डायरेक्टर मिर्जापुर मनोज सिंघल ने बताया कि शिकायत के बाद जांच कराई गई। जहां बारिश से पानी भरने के कारण नींव का सीमेंट ढह गया। उसे ठीक कराने का निर्देश दिया गया है।