जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में रविवार को हुए सड़क हादसों में एक ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई और सात लोग घायल हो गए। सभी को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने एक की हालत गंभीर देख रेफर कर दिया। घटनाएं मोढ़ पुलिस चौकी क्षेत्र के सियरहां और गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र के जगन्नाथपुर के पास हुईं।
मोढ़ के सियरहां गांव के पास हुए हादसे में ट्रैक्टर चालक सुभाष उर्फ मिथुन वनवासी (26) की मौत हो गई। कुरैया-सनकडीह निवासी सुभाष उर्फ मिथुन वीरापट्टी स्थित एक दुकान से ट्रैक्टर पर सरिया लादकर डुड़वा पहुंचाने जा रहे थे। मोढ़ बाईपास रोड से मात्र दो सौ मीटर आगे पहुंचने पर ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। सरिया उतारने जा रहे मजदूर बाबा कहार तो दूर जाकर गिरे, लेकिन चालक सुभाष उर्फ मिथुन ट्रैक्टर से दब गए। जानकारी होने पर जेसीबी से ट्रैक्टर को हटाया गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। उप निरीक्षक श्यामजीत यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
दूसरी घटना गोपीगंज-चील्ह मार्ग पर उस समय हुई जब दर्शनार्थी विंध्याचल से दर्शन-पूजन कर प्रतापगढ़ लौट रहे थे। जगन्नाथपुर के पास पहुंचने पर एक बाइक सवार को बचाने के चक्कर में चार पहिया वाहन अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गया। इस घटना में राजकमल यादव (26) निवासी कौलापुर-फतनपुर प्रतापगढ़, शिवा तिवारी (25), पंकज गुप्ता (26), धीरज कुमार (25), अखिलेश कुमार (25) निवासी रामापुर-फतनपुर प्रतापगढ़, गुड्डू तिवारी (30) घायल हो गए। इनमें से गुड्डू तिवारी की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।