ज्ञानपुर। जिले की सड़कों को अतिक्रमण से मुक्ति नहीं मिल पा रही है। एक साल में सात से आठ बार नोटिस देने और जुर्माना लगाने के बाद भी सड़क की पटरियों पर अतिक्रमण का कब्जा है। यातायात, राजस्व और निकायों की संयुक्त टीम के कई प्रयास धरे के धरे रह जा रहे हैं। नगर निकायों और राजस्व की ओर से ठोस कार्रवाई न होने से अतिक्रमण से मुक्ति नहीं मिल पा रही है। नगर के वेडिंग जोन शोपीस बने हुए हैं।
एक साल में गोपीगंज, ज्ञानपुर और भदोही जैसे बाजारों में 20 से 25 बार अतिक्रमण खाली कराया गया है। वहीं कम से कम सात से आठ बार नोटिस दिया गया है। इसके बाद भी अतिक्रमणकारियों पर ठोस कार्रवाई न होने से तस्वीर में बदलाव नहीं आ रहा है। जिले के गोपीगंज में बड़ा चौराहा, मिर्जापुर तिराहा, भदोही लिप्पन तिराहा और ज्ञानपुर मुखर्जी पार्क जाम के प्रमुख केंद्र हैं। इन जगहों पर हर दिन जाम की समस्या होती है। भदोही के लिप्पन तिराहे पर संकरी सड़क जहां जाम का कारण बनती है। अन्य जगहों पर पटरियों पर दुकानें सजी हुई हैं।
विज्ञापन
यातायात विभाग की ओर से संयुक्त टीमों की मदद से कई बार इन जगहों पर अतिक्रमण को खाली कराया गया, लेकिन इसके कुछ ही दिन बाद फिर से दुकानें सज गईं।
दूसरी तरफ निकायों में बने वेडिंग जोन शोपीस बने हुए हैं। इससे जाम, दुर्घटना और व्यापारिक समस्याएं होती हैं।