ज्ञानपुर/भदोही/औराई। जिले की तीनों तहसीलों में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस पर उम्मीद के हिसाब से फरियादियों को न्याय नहीं मिला सका। 307 शिकायतों में सिर्फ 23 का निस्तारण हो सका। 284 मामलों का एक सप्ताह में निस्तारण करने के लिए संबंधित विभाग संग पुलिस और राजस्व टीम को निर्देश दिया गया।
भदोही तहसील में जिलाधिकारी आर्यका अखौरी और पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस हुआ। डीएम के आने की खबर सुनकर बड़ी संख्या में फरियादी यहां पहुंचे। सुबह 10 से दोपहर दो बजे तक 165 फरियादियों ने न्याय के लिए प्रार्थना पत्र दिया, हालांकि अधिकतर मामले राजस्व के होने से उसका निस्तारण नहीं हो सका। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि संपूर्ण समाधान दिवस में आने वाली शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता से करें। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने कहा कि अधिकांश मामले जमीन/राजस्व विवाद के आए। इसलिए कानूनगो, लेखपाल और पुलिस की संयुक्त टीम स्थलीय निरीक्षण कर एक हफ्ते में निस्तारण करें। पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने पुलिस से जुड़ी शिकायतों को भी समयबद्ध तरीके से निस्तारित करने के लिए कहा। कांवर यात्रा में लगे पुलिसकर्मियों को सतर्क किया। कहा कि ईमानदारी से अपनी ड्यूटी करें। इस मौके पर सीडीओ भानु प्रताप सिंह, पीडी मनोज कुमार, बीएसए भूपेंद्र नारायण सिंह आदि रहे। ज्ञानपुर तहसील में अपर जिलाधिकारी शिव नारायण सिंह और उप जिलाधिकारी ज्ञानपुर योगेंद्र कुमार की देखरेख में संपूर्ण समाधान दिवस हुआ। यहां कुल आए 75 प्रार्थना पत्रो में पांच का निस्तारण हो सका। तहसील औराई में उप जिलाधिकारी लाल बाबू दूबे की अध्यक्षता में आए 67 प्रार्थना में तीन का निस्तारण किया गया।