ज्ञानपुर। जिले की तीनों तहसीलों में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की समस्याएं सुनीं गईं। तीनों तहसीलों में आए 208 प्रार्थनापत्रों में मौके पर केवल 18 का ही निस्तारण हो सका, जबकि शेष को संबंधित विभाग को सौंपा गया। औराई तहसील में सांसद रमेश चंद्र बिंद, डीएम गौरांग राठी और पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने समस्याएं सुनीं। यहां आए 52 प्रार्थनापत्रों में 40 से अधिक जमीन विवाद से जुड़े रहे। सांसद ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस में न्याय की उम्मीद लेकर आने वाले ग्रामीणों को त्वरित न्याय दिलाया जाए। हर बार उन्हें तहसील न आना पड़े। पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारी और कर्मचारी अपनी कार्यप्रणाली में सुधार लाएं, अन्यथा शिकायत की जाएगी। विधायक दीनानाथ भाष्कर ने शिकायतों को प्राथमिकता से निस्तारित करने का निर्देश दिया। डीएम ने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध समाधान कराएं। उन्होंने कहा कि कुछ शिकायतें दो से तीन विभाग से जुड़ीं रहती हैं। ऐसे मामलों में संयुक्त टीम बनाकर मौके पर जाए और प्रकरण का निस्तारण करें। उन्होंने सभी तहसीलदारों को निर्देशित किया कि जो मामले या विवाद बार-बार आ रहे हैं, उनकी सूची बनाकर पुलिस के साथ मिलकर मामले का निस्तारण करना सुनिश्चित करें। औराई में 52 प्रार्थनापत्रों में तीन, ज्ञानपुर में 58 में चार और भदोही में 98 शिकायतों में 12 का निस्तारण किया गया। इस मौके पर सीडीओ भानु प्रताप सिंह, एसडीएम लालबाबू दूबे सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।