एक्सपो मार्ट में वृहद विधिक सेवा एवं जागरूकता शिविर का अवलोकन करते अधिकारी। स्रोत- सूचना विभाग
भदोही। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से रविवार को कार्पेट एक्सपो मार्ट में वृहद विधिक सेवा एवं जागरूकता शिविर न्याय समागम का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न विभागों की ओर से अलग-अलग योजनाओं के लाभार्थियों को टूलकिट सहित प्रमाणपत्र व चेक आदि वितरित किया गया।
समागम में आम जनता के विधिक सशक्तीकरण के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरणों ने मेगा/वृहद विधिक सहायता व सेवा शिविरों के माध्यम से विभिन्न विभागों के अंतर्गत आने वाले निर्बल वर्ग, दिव्यांग, बच्चों, स्त्रियों, निर्धन वर्ग, असंगठित क्षेत्र के श्रमिक तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के लिए लिए संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में बताया गया। अलग-अलग विभागों की लक्षित योजनाओं को प्राधिकरण के उद्देश्य व कर्तव्यों के आधार पर चिह्नित किया गया। सभी को इस मेगा शिविर का हिस्सा बनाया गया। शिविर में 40 विभागों ने स्टॉल लगाए। 10 विभागों के 100 से अधिक लाभार्थियों को टूल किट वितरित किया गया। उन्हें प्रमाण पत्र व चेक वितरित किया गया। महिला सशक्तिकरण, जनसामान्य, निर्धन बीमा योजनाओं, असंगठित श्रमिकों, जल संरक्षण संबंधी योजनाओं के बारे में लोगों को प्रचार प्रसार किया गया। शिविर में अधिकारियों ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन कर जानकारी ली। निर्धन वर्ग, दिव्यांगजनों, बच्चों, स्त्रियों, श्रमिकों, अनुसूचित जाति व जनजाति आदि वर्ग के लोगों को अधिक से अधिक लाभ पहुंचाने के लिए निर्देशित किया गया। इसके पहले समागम का शुभारंभ जिला न्यायाधीश अखिलेश दूबे, डीएम शैलेष कुमार, एसपी अभिमन्यु मांगलिक, पूर्णकालिक सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण तरुणिमा पांडेय ने सरस्वती प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर व दीप प्रज्ज्वलित कर किया। अपर जिला जज प्रथम/नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत पुष्पा सिंह, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट आनन्द मिश्र, अपर जिला जज पॉक्सो लोकेश मिश्रा, सीडीओ बाल गोविंद शुक्ल भी मौजूद रहे।