ज्ञानपुर। गुनाहों से मगफिरत (माफी) और पुरखों के लिए प्रार्थना करने वाले प्रमुख पर्व शब-ए-बारात रविवार को है। कालीन नगरी में पर्व की तैयारियां जोर शोर से चल रही हैं। बुजुर्गों के आस्तानों, कब्रिस्तानों की सफाई के साथ साथ प्रकाश व्यवस्था की जा रही है।
जामा मस्जिद तकिया कल्लन शाह के पेश इमाम हाफिज परवेज ने कहा कि शब-ए-बारात एक ऐसी रात का तोहफा है, जिसमें की गई इबादत हजार गुना बेहतर होती है। इसका जहां सवाब अधिक मिलता है। कब्रिस्तानों में जाकर अपने परिवार के बुजुर्गों के मगफिरत (क्षमा याचना) के लिए दुआ करनी चाहिए। अल्लाह के महबूब बंदों को आस्तानों पर जाना चाहिए।
शब-ए-बारात के मद्देनजर कब्रिस्तानों, मजारों, बुजुर्गों के आस्तानों की सजावट की साफ सफाई व सजावट का काम देर शाम तक जारी रहा। भदोही नगर के तकिया स्थित दाता कल्लन शाह, जानू शहीद बाबा, मर्यादपट्टी स्थित कुतुब भदोही, नईबाजार स्थित जाहिद शाह बाबा, औराई रोड स्थित नाबीना शाह, आलमपुर स्थित आलम शहीद बाबा, कजियाना स्थित अब्दुल बहाव चरमपोश रहमतुल्लाह अलैह सहित शहर व ग्रामीण अंचलों के समस्त आस्तानों पर शुक्रवार को साफ सफाई, रंग रोगन व सजावट का काम चलता रहा। इसी तरह ज्ञानपुर, गोपीगंज, खमरिया और घोसियां में भी मजारों की साफ-सफाई की गई।
-
इनसेट
पीस कमेटी की बैठक में सतर्कता का निर्देश
ज्ञानपुर। शब ए बारात को सकुशल एवं शांतिपूर्वक तरीके से संपन्न कराने के लिए शनिवार को एसपी डॉ. मीनाक्षी कात्यायन के निर्देशश्पर सभी थानों में पीस कमेटी की बैठक हुई। सर्व समुदाय के धर्मगुरुओं, गणमान्य व्यक्तियों, ग्राम प्रधानों और डिजिटल वॉलिंटियर को दिशा-निर्देश दिया गया। उपस्थित लोगों से त्यौहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाए जाने की अपील की गई। बिना पूर्व अनुमति के किसी भी प्रकार की शोभायात्रा या धार्मिक जुलूस नहीं निकाला जाएगा। सड़क बाधित कर कोई धार्मिक आयोजन न करने के लिए हिदायत दी गई। एसपी ने कहा कि असामाजिक व अराजकता फैलाने वाले तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जाएगी। यदि किसी व्यक्ति के संज्ञान में ऐसा कोई मामला आता है तो तुरंत पुलिस को अवगत कराएं, जिससे कि कोई अप्रिय घटना न हो पाए।