ज्ञानपुर। मंगलवार को भोर में जिले के विभिन्न हिस्सों में तेज आंधी के साथ बारिश हुई। इससे जहां खेत-खलिहान में पड़ी फसलें भींगकर खराब हो गईं, वहीं कई हरे पेड़ जड़ से उखड़कर गिर गए। आम की फसल को भारी नुकसान पहुंचा। फल झड़ गए। तार-पोल टूटने से कई इलाकों में बिजली आपूर्ति घंटों बाधित रही।
मंगलवार की भोर में तेज आंधी-पानी से लोगों को एक बार फिर भारी नुकसान उठाना पड़ा। दर्जनों स्थानों पर विशालकाय हरे और सूखे पेड़ गिर गए। जलनिकासी की व्यवस्था न होने के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कें झील बन गईं। गत माह से ही मौसम के बिगड़े मिजाज ने नुकसान पहुंचाना शुरू कर दिया है। रात में और भोर में तेज हवा के साथ हो रही बेमौसम बारिश से जहां लोग आजिज आ चुके हैं, वहीं किसानों की कटाई-मड़ाई से लेकर अनाज भंडार तक को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के रिहायशी छप्पर उड़ जाने से रहने तक की फजीहत खड़ी हो गई है। तीन बार पूर्व में भी मौसम का गाज गिरने से न केवल दर्जनों लोग अस्पताल पहुंच चुके हैं, बल्कि आधा दर्जन लोग बिजली गिरने से दम तोड़ चुके हैं। सुबह से शाम तक मौसम साफ देखकर लोग रहने-खाने की व्यवस्था करते हैं रात में अचानक आ रही तेज आंधी के साथ बरसात कहर ढाह देती है।
वैसे भी जनपदवासी कोरोना वायरस ही देश व्यापी मार झेलकर आर्थिक तंगी से बेहाल हैं ही मौसमी मार रह-रह कर बची आस पर भी पानी फेरने में कसर नहीं छोड़ रही है। राजमार्ग को जोड़ने वाली सभी छोटी-बड़ी सड़कों पर भारी जलजमाव से आवागमन दुरूह बना रहा।