जंगीगंज हाल्ट के टिकट काउंटर के पास खड़े यात्री। संवाद
ऊंज। पूर्वोत्तर रेलवे के रामबाग-वाराणसी रेलखंड के प्रमुख स्टेशनों की सुविधाओं में सुधार हो रहा है, वहीं छोटे स्टेशन और हाल्ट बदहाल हैं। जंगीगंज स्टेशन को तीन साल पहले हाल्ट बना दिया गया था। यहां एजेंट के माध्यम से टिकट मिलते थे, लेकिन आठ महीने से टिकट बिक्री बंद है।
जंगीगंज में मेमू व पैसेंजर ट्रेनें रुकती हैं। सुबह-शाम इन स्टेशनों से डेढ़ से दो हजार यात्री वाराणसी और प्रयागराज आते-जाते हैं। जंगीगंज पहले स्टेशन था, जहां लंबी दूरी की ट्रेनें भी रुकती थीं। तीन साल पहले इसे हाल्ट में बदलने के बाद एक्सप्रेस और सुपरफास्ट ट्रेनों का ठहराव बंद हो गया। पिछले 8 महीने से टिकट बिक्री भी बंद है। यात्री आसपास के स्टेशनों से टिकट लेने को मजबूर हैं।
पूर्वोत्तर रेलवे के सभी हाल्ट पर एजेंट के माध्यम से टिकट बिक्री होती है। जंगीगंज में भी एजेंट है। किन कारणों से टिकट नहीं मिल रहा है, इसका पता लगाएंगे। जल्द ही टिकट वितरण सुनिश्चित किया जाएगा।
— महेश कुमार गुप्ता, जनसंपर्क अधिकारी, पूर्वोत्तर रेलवे, वाराणसी मंडल