ज्ञानपुर/औराई। बैंकों के एटीएम से जालसाजी के खिलाफ अभियान के बावजूद ठग हतोत्साहित नहीं हैं। ग्रामीण इलाकों में एटीएम के अकाउंट बाक्स पर टेप लगाकर लोगों के पैसे ले जा रहे हैं। बैंक प्रबंधक ने एटीएम पर सुरक्षाकर्मी तैनात करने के लिए पत्र लिखा है।
माधांसिंह स्थित पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम में 23 मार्च की दोपहर माधोसिंह निवासी डॉ. सनवारुल हक पैसा निकालने गए। एटीएम में कोड नंबर डालकर पांच हजार रुपये निकालने की कोशिश की लेकिन पैसा नहीं मिला। कुछ देर इंतजार करने के बाद घर चले गए। थोड़ी देर में मोबाइल पर मैसेज आया कि उनके खाते से पांच हजार रुपये निकाल लिए गए हैं। वे मैनेजर के पास गए। मैनेजर ने सीसी फुटेज देखा कि सनवारुल हक के जाने के बाद एटीएम में एक व्यक्ति हेलमेट लगाए जाते दिखा। उसने अकाउंट बॉक्स में कुछ किया और रुपये लेकर चलता बना।
शाखा प्रबंधक सुधांशु उपाध्याय एटीएम जब पहुंचे तो उन्होंने देखा कि अकाउंट बॉक्स में टेप चिपकाया गया था। मामला साफ हो गया कि जालसाज एकाउंट बाक्स के ढक्कन पर टेप चिपका देता है और पैसा उसी में आकर फंस जाया है। ग्राहक के जाने के बाद वह आता है और रकम निकालकर चलता बनता है। यह इकलौता मामला नहीं है। उसी एटीएम से महीने भर में तीन मामले आए। इसमें जालसाज पैसा निकालकर गायब हो गए। शाखा प्रबंधक ने बताया कि ऐसी शिकायत कई एटीएम से आई है। सुरक्षाकर्मी न होने के कारण ठग ऐसी हरकत करते हैं। उच्चाधिकारियों को पत्र भेजकर सुरक्षा की मांग की गई है। सनवारूल हक ने डीएम, एसपी, कमिश्नर और मुख्यमंत्री को प्रार्थना पत्र भेजकर ऐसे जालसाजों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।