ज्ञानपुर। यूपी बोर्ड की परीक्षा शुरू होने में भले ही अभी दो महीने का समय बचा हुआ है, लेकिन माध्यमिक शिक्षा विभाग ने अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। यूपी बोर्ड की 10वीं व12वीं की बोर्ड परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिले को तीन जोन और 10 सेक्टरों में केंद्रों को विभाजित किया जाएगा।
अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा की कड़ी निगरानी के लिए जिले को विभिन्न जोन और सेक्टरों में बाटा जा रहा है। हालांकि जिले के परीक्षा केंद्रों को सेेक्टरों व जोन में बाटने पर अंतिम निर्णय जिलाधिकारी की अध्यक्षता में होने वाली आगामी बैठक में लिया जाएगा । इसके अलावा जिले के 92 परीक्षा केंद्रों में अति संवेदनशील केंद्रों को भी चिह्नित किया जाएगा। गौरतलब हो कि अप्रैल में होने वाली बोर्ड परीक्षा के लिए जिले में कुल 92 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के कुल 53 हजार 275 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
इस बार हाईस्कूल की परीक्षा में जहां 15,020 बालक और 13,343 बालिका परीक्षा में शामिल होंगी तो वहीं इंटरमीडिएट की परीक्षा में 13,190 बालक और 11,721 बालिकाएं बोर्ड परीक्षा में सम्मिलित होंगी । गौरतलब हो कि बोर्ड परीक्षा केंद्रों पर तैनात होने वाले कक्ष निरीक्षकों संग अन्य व्यवस्थाएं अब पूरी की जाने लगी है। बोर्ड परीक्षा के लिए बनाए जाने वाले तीनों जोन में संबधित उप जिलाधिकारी को बतौर जोनल मजिस्ट्रेट तैनात किया जाएगा। इसके अतिरिक्त 10 सेक्टरों में जिला स्तरीय अधिकारियों को सेक्टर मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। इसके अलावा सचल दल और संवेदनशील-अतिसंवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट भी तैनाती की जाएगी ।
इस संबंध में जिला विद्यालय निरीक्षक अशोक चौरसिया ने बताया कि जिले से कुल 92 परीक्षा केंद्रों की सूची माध्यमिक शिक्षा परिषद को भेजी गई है। डीआईओएस ने बताया कि परीक्षा में अभी एक माह से अधिक का समय बचा है इसलिए परीक्षा से जुड़े सभी कार्य निपटाए जा रहे है। हालांकि उससे जुड़े सभी कार्य निपटाए जा रहे हैं। इसके साथ ही बोर्ड परीक्षा के लिए के लिए जोनल, सेक्टर और स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती का निर्णय डीएम की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में लिया जाएगा ।