बोर्ड परीक्षा के तीसरे दिन शनिवार को नकल सामग्री संग पकड़ी गई तीन छात्राओं को डीआईओएस के सचल दस्ते ने रस्टीकेट कर दिया। दोनों पालियों की परीक्षा में करीब दो हजार छात्र-छात्राएं अनुपस्थित रहीं। 20 मार्च के बाद विज्ञान, गणित और अंग्रेजी की परीक्षाएं होने से प्रशासनिक सख्ती में तेजी आएगी।
शनिवार को पहली पाली में हाईस्कूल में वाणिज्य, इंटरमीडिएट में अर्थशास्त्र और अर्थशास्त्र वाणिज्य की परीक्षा हुई। वाणिज्य में पंजीकृत 238 परीक्षार्थियों में 225 उपस्थित और 13 अनुपस्थित रहे। इंटरमीडिएट अर्थशास्त्र में पंजीकृत 3582 परीक्षार्थियों में 3368 उपस्थित और 211 अनुपस्थित रहे। अर्थशास्त्र वाणिज्य में पंजीकृत एक छात्र अनुपस्थित रहा। पहली पाली की परीक्षा में दुर्गागंज इंटर कॉलेज में जांच को पहुंचे डीआईओएस संतोष कुमार मिश्र के सचल दस्ते ने तीन छात्राओं को नकल सामग्री के साथ पकड़ा। दस्ते में शामिल शिक्षिकाओं ने जांच की तो छात्राओं के पास गाइड मिली। तीनों छात्राओं को रस्टीकेट कर दिया गया। दूसरी पाली में इंटरमीडिएट हिंदी द्वितीय प्रश्नपत्र की परीक्षा हुई। हिंदी में पंजीकृत 11552 परीक्षार्थियों में 904 जबकि सामान्य हिंदी में पंजीकृत 13 हजार 879 परीक्षार्थियों में 860 अनुपस्थित रहे। डीआईओएस संतोष कुमार मिश्र ने कहा कि सकुशल परीक्षा कराने का प्रयास किया जा रहा है। कहीं भी गड़बड़ी मिली तो केंद्र व्यवस्थापक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।