ज्ञानपुर। गुजरात में दो से 10 अक्टूबर तक होने वाले राष्ट्रीय खेल में यूपी की हॉकी टीम से जिले के तीन खिलाड़ी दम दिखाएंगे। पुरुष वर्ग में दो जबकि महिला में एक खिलाड़ी का चयन हो गया है। खबर मिलते ही जिला स्टेडियम के जूनियर खिलाड़ियों में खुशी छा गई। गुजरात के राजकोट में गांधी जयंती यानी दो अक्टूबर से 10 अक्टूबर तक राष्ट्रीय खेल दिवस का आयोजन हो रहा है। इसमें देश के विभिन्न प्रांतों की टीम शामिल हो रही हैं। प्रदेश की महिला एवं पुरुष हाकी टीम का चयन भी हो गया है। इसमें पुरुष में अमित यादव और ओम प्रकाश पाल जबकि महिला टीम में निलांजलि राय को शामिल किया गया है। खबर मिलने पर जिला स्टेडियम मूंसीलाटपुर में हाकी संघ के पदाधिकरियों और खिलाड़ियों ने मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया। तीनों खिलाड़ी जिला स्टेडियम से हाकी की शुरुआत की और जूनियर, सब जूनियर, सीनियर यूपी टीम में शामिल हुए। तीनों इस समय रेलवे में नौकरी भी कर रहे हैं। हॉकी संघ संरक्षक शाह आलम, अध्यक्ष नंदलाल, जिला क्रीड़ा अधिकारी सिराजुद्दीन, जिला हाकी कोच मुनव्वर हुसैन और पूर्व हाकी कोच सुधीर कुमार ने खुशी जताई। जिला हॉकी संघ के सचिव राजकमल ने बताया कि 36वीं राष्ट्रीय खेल के लिए यूपी की टीम में खिलाड़ियों का शामिल होना गौरव की बात है। इस मौके पर शिवाकांत यादव, महेश कुमार, शिवम राय , सादिक अंसारी आदि रहे।