लालानगर। गोपीगंज कोतवाली पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने शुक्रवार को अंतर जनपदीय वाहन चोर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान दो बाइक, एक मैजिक वाहन को बरामद करने में सफलता मिली। शनिवार को सीओ सदर अशोक कुमार सिंह ने गिरफ्तार चोर अमृतलाल, राजू, निवासी पूरेरघुनाथ, मनोज कुमार निवासी रामपुर घाट पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने की कार्रवाई की।
इस दौरान चोरों ने स्वीकार किया है कि हम लोग पड़ोसी जिले वाराणसी, जौनपुर, प्रयागराज में गिरोह के साथ बस स्टैंड, अस्पताल, रेलवे स्टेशन, प्रमुख बाजार, बड़े संस्थान और शादी-बरात से वाहनों की चोरी कर सस्ते दामों में बेच देते थे। इस संबंध में सीओ ने कहा कि इन दिनों जिले में बढ़ी इस तरह की घटनाओं को लेकर पुलिस की संयुक्त टीम गिरोह पर शिकंजा कसने के लिए सक्रिय कर दी गई थी और सटीक सूचना पर टीम ने गोपीगंज-ज्ञानपुर मार्ग स्थित थानीपुर पेट्रोल पंप के पास से तीनों को चोरी के वाहनों के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ में अन्य सदस्यों के भी शामिल होने बात सामने आई जिनके आपराधिक रिकार्ड खंगाल कर शीघ्र ही शिकंजे में ले लिया जाएगा। टीम में प्रभारी निरीक्षक केके सिंह, उपनिरीक्षक गुरु ज्ञानचंद पटेल, श्यामशंकर ओझा, रामशरण, यशपाल, प्रशांत पांडेय, क्राइम ब्रांच के विनोद कुमार दुबे, तुफैल अहमद, नरेंद्र सिंह, नागेंद्र सिंह, दीपक, सुनील कन्नौजिया शामिल रहे।