गोपीगंज। कोतवाली पुलिस को बृहस्पतिवार की रात अवैध शराब तस्करी करने वाले गैंग के सरगना सहित तीन अंतरराज्यीय तस्करों को ट्रक सहित गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से 607 लीटर शराब बरामद की गई। जिसकी कीमत 55 लाख बताई गई। अवैध शराब मुरादाबाद से बिहार जा रही थी। शुक्रवार को कोतवाली गोपीगंज में पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने घटना का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि जिले में अवैध शराब तस्करी के रोकथाम के लिए सभी थानों को अलर्ट किया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण और सीओ ज्ञानपुर भुवनेश्वर पांडेय के नेतृत्व में निगरानी की जा रही है। मुखबिर की सूचना पर बृहस्पतिवार की रात 11.30 बजे कठौता ओवरब्रिज पश्चिम छोर से अंतरराज्यीय शराब तस्कर गैंग के सरगना मलखान सिंह, अमरीश मौर्य, गजेंद्र मौर्य निवासी बिल्लारी मुरादाबाद को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से तस्करी का 607 पेटी (5429,88 लीटर) अवैध अंग्रेजी शराब बरामद किया। पूछताछ के दौरान शराब तस्करों ने बताया कि मुरादाबाद निवासी मोटर मालिक कहीं से ट्रक पर अवैध अंग्रेजी शराब लदवाकर मुरादाबाद तक लाए थे। वहां से हम लोगों को अवैध शराब बिहार पहुंचानी थी। चालक मलखान पैसे का लेन-देन करता है। हम ट्रक का नंबर बदलकर तस्करी करते हैं। तस्करी से मिलने वाले पैसे को आपस में बांट लिया जाता है। एसपी ने बताया कि तीनों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की गई। तीनों के आपराधिक इतिहास को खंगाला जा रहा है। बरामदगी टीम में थाना प्रभारी सदानंद सिंह, रमेश प्रताप सिंह, अश्विनी सिंह, अनिरुद्ध वैशवार, अमरेश मिश्रा आदि रहे।