लालानगर। राजमार्ग को जोड़ रहे ज्ञानपुर मार्ग के पास सर्विस लेन पर बना ब्रेकर आम लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। आए दिन गिर कर घायल होने की शिकायत पर पुलिस भी मनबढ़ों के आगे शांत दिख रही है। इसको लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। अवैध ब्रेकर न हटने पर नागरिकों ने सड़क पर उतरने की चेतावनी दी।
गोपीगंज नगर निवासी शिक्षिका नीतू विश्वकर्मा ने आरोप लगाया कि वह सोमवार को स्कूल से लौट रही थी ऊंचे ब्रेकर पर संतुलन बिगड़ जाने के कारण वह बाइक समेत गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। आस-पास के लोग न उसे बचाने पहुंचे और विरोध करने पर दुर्व्यवहार पर उतारू हो गए। उसी बीच दो अन्य बाइक सवार भी उसी ब्रेकर को पार करते समय गिर गए। घायलों के साथ ब्रेकर से आहत लोगों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि जब सर्विस लेन पर ब्रेकर बनाने का कोई प्राविधान नहीं है तो किस आधार पर वह बन गया। कुछ लोगों का सीधा कहना रहा कि जिस स्थान पर ब्रेकर बना है वहां के लोग ही एनएचएआई की मिलीभगत ब्रेकर को बनाकर अपनी दुकानदारी चटका रहे हैं। कोतवाली पुलिस मामले को गंभीरता से न लिया तो पुलिस अधीक्षक को भी प्रार्थनापत्र सौंपने को बाध्य होंगे।