ज्ञानपुर। सुंदरवन कटेबना में स्थित राम जानकी मंदिर एवं द्वादश ज्योतिर्लिंग की पीठाधीश्वर राजलक्ष्मी मंदा को जान से मारने की धमकी मिली है। उनके सेवादारों ने सोमवार को डीएम और एसपी को प्रार्थना पत्र देकर सुरक्षा की मांग की।
पत्रक में कहा कि कटेबना में 180 फीट के शिवलिंग की स्थापना की गई है। यहां पर मंदिर का निर्माण भी शुरू हो गया है। क्षेत्र के कुछ अराजकतत्व आए दिन काम में बाधा पहुंचाते हैं। 31 मार्च को 50 से 60 की संख्या में पहुंचे अराजकतत्वों ने हमला कर दिया। कई सेवादारों को पीटा और पीठाधीश्वर को जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। इससे वहां रहने वाले सेवादार असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। बताया कि डेढ़ दशक पूर्व वहां के एक पुजारी की हत्या भी की गई थी। पत्रक देने वालों में जगन्नाथ यादव, कन्हैयालाल, सुनील कुमार, श्री प्रकाश दूबे, श्याम बहादुर प्रजापति, तहसीलदार, राज पाल आदि रहे।