जिला पंचायत के 145 और बीडीसी के 868 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया। इसके पूर्व जुलूस संग कलेक्ट्रेट और ब्लाकों पर पहुंचे प्रत्याशियों ने अपनी ताकत का एहसास कराया।
ज्ञानपुर और सुरियावां ब्लाक के आठ वार्ड के लिए जिला पंचायत के करीब 200 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। मंगलवार को कलेक्ट्रेट पर नामांकन के लिए प्रत्याशियों और समर्थकों की गहमागहमी का माहौल रहा।
जुलूस और नारे से पूरा कलेक्ट्रेट गुंजायमान होता रहा। ज्ञानपुर और सुरियावां ब्लाक के आरओ रामजी लाल ने बताया कि पहले दिन 145 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया।
इसमें वार्ड संख्या 15 से दिवाकर शुक्ल, भलाई शुक्ल, वार्ड 14 से सुमन यादव, सुरेश चंद्र मिश्र, रवींद्र यादव, सुरेश उपाध्याय, वार्ड 16 से सीता यादव और वार्ड संख्या नौ से रमापति यादव ने नामांकन किया।
इस मौके पर कैलाश यादव, आलोक रावत, राजन दूबे आदि मौजूद रहे। इसके पूर्व वार्ड 15 के प्रत्याशी दिवाकर शुक्ल के समर्थन में लखनो गांव में ज्ञानपुर विधायक विजय मिश्र ने सभा कर प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को गिनाया।
कहा कि प्रदेश सरकार जिले के कोने-कोने के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। इस मौके पर पूर्व चेयरमैन डा. घनश्यामदास गुप्ता, प्रमोद दुबे, मुन्ना शुक्ला, पवन मालवीय आदि मौजूद रहे। इसी तरह ज्ञानपुर ब्लाक में 418 और सुरियावां ब्लाक में 350 प्रत्याशियों ने पर्चा भरा।