भदोही। भदोही रेलवे स्टेशन पर मौजूदा समय में बाइक या कार स्टैंड न होने से स्टेशन आने वालों को दिक्कत हो रही है। बाइक से स्टेशन आने वालों को हर समय वाहन चोरी का भय सताता रहता है। शनिवार की रात चोर भदोही स्टेशन पर खड़ी एक बाइक का पहिया निकाल ले गए। घटना की जानकारी भुक्तभोगी को तब हुई, जब वे रविवार को सुबह स्टेशन पहुंचे। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी।
जमुनीपुर कॉलोनी निवासी हाजी एजाज अख्तर ने बताया कि उनके बेटे शनिवार की शाम ट्रेन से प्रतापगढ़ गए थे। वे घर से बाइक से स्टेशन गए और शाम को बाइक वहीं पर खड़ी कर ट्रेन से प्रतापगढ़ गए और तड़के काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस ट्रेन से वापस भदोही स्टेशन लौटे। लेकिन, रविवार को उनकी बाइक के साथ जो कुछ हुआ था, देखकर उन्हें विश्वास नहीं हुआ। बताया कि उनकी बाइक का पिछला पहिया ही चोर खोल ले गए थे। उन्होंने बताया कि स्टेशन पर बाइक स्टैंड होता था तो स्टैंड में देकर जाते थे लेकिन पिछले कुछ महीनों से स्टैंड का ठेका न होने से उनके जैसे दर्जनों वाहन स्वामियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बताया कि उन्होंने इस आशय की सूचना पुलिस को दे दी है।