ज्ञानपुर। गृह मंत्रालय से राहत मिलने के बाद लॉकडाउन में गैर प्रांतों से प्रवासियों के आने का सिलसिला तेज हो गया है। मंगलवार को जिले में 500 से अधिक लोग पहुंचे। जिला अस्पताल ज्ञानपुर के मानसिक स्वास्थ्य प्रकोष्ठ कक्ष में स्वास्थ्य टीम ने 245 प्रवासियों की थर्मल स्क्रीनिंग की जबकि अन्य लोग औराई, डीघ, सुरियावां, भदोही और गोपीगंज सीएचसी में अपना परीक्षण कराया।
विशेषज्ञ डॉ. अशोक पारासर ने बताया कि स्क्रीनिंग में अधिकतर लोगों की स्थिति सामान्य रही। सात से आठ लोगों में सर्दी-बुखार के लक्षण मिले। सभी को घरों में क्वारंटीन रहने का निर्देश दिया। वहीं दूसरी ओर शेल्टर होम पार्वती पब्लिक स्कूल और रामदेव पीजी कॉलेज से 40 प्रवासियों को घर भेजा गया। ज्ञानपुर तहसीलदार देवेंद्र यादव ने सभी को तीन दिनों का राशन देने क साथ ही घरों में रहने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि नए शासनादेश में कहा गया है कि अब जांच में सामान्य स्थिति मिलने पर प्रवासियों को घर भेजा जा सकता है।