ज्ञानपुर। महर्षि वाल्मीकि की तपोस्थली सीतामढ़ी में 15 से 23 जुलाई 2026 तक सीतामढ़ी में लवकुश मेला और अखिल भारतीय राष्ट्रीय रामायण मेला आयोजित होगा। बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी शैलेश कुमार की अध्यक्षता में तैयारियों की समीक्षा बैठक हुई। मेले के सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन के लिए विभिन्न विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि लवकुश मेला जनपद की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण आयोजन है। उन्होंने श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य, पेयजल, विद्युत और स्वच्छता सहित सभी मूलभूत व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उप जिलाधिकारी ज्ञानपुर को मेला अधिकारी और पुलिस क्षेत्राधिकारी ज्ञानपुर को सहायक मेला अधिकारी नामित किया गया। इसके अलावा विद्युत विभाग को मेला क्षेत्र में जर्जर तार और पोल बदलने व निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया।
वहीं मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एसके चक को तीन पालियों में 24 घंटे चिकित्सकों की टीम, आवश्यक दवाओं और एम्बुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अग्निशमन विभाग को अग्नि सुरक्षा के सभी आवश्यक प्रबंध करने के लिए कहा गया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को मेला क्षेत्र तक जाने वाले सभी मार्गों को आवागमन योग्य बनाने व झूलों की तकनीकी जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत को सीसीटीवी कैमरे, घाटों पर प्रकाश व्यवस्था, जनरेटर और प्रशिक्षित गोताखोरों की व्यवस्था करने को कहा गया। अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने यातायात और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।