ज्ञानपुर (भदोही)। सावन में कांवड़ यात्रा को सुगम बनाने के लिए जिलाधिकारी आर्यका अखौरी की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों संग बैठक की गई। इस दौरान सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि कांवड़ यात्रा में कोई दिक्कत न हो। जिन विभागों को जिम्मेदारी सौंपी गई है वे प्राथमिकता से काम करें। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
जिलाधिकारी ने ऊंज से बाबूसराय के बीच जंगीगंज, माधोसिंह, घोसियां में सुरक्षा के मद्देनजर कुछ ट्रांसफार्मर को अंदर शिफ्ट करने का निर्देश दिया। घोसिया को छोड़कर कावड़ रूट में सभी श्रद्धालु ओवरब्रिज के नीचे से जाएंगे। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा रूट में सड़कों पर आवागमन के दृष्टिगत कहीं कोई व्यवधान न हो। इसलिए 29 डिवाइडर कट को बंद कर ग्रामीण मार्गों पर बैरिकेडिंग की जाए। उन्होंने व्यापार मंडल, समाजसेवियों, जन प्रतिनिधियों, सामाजिक संस्थाओं से कांवरियों के लिए पानी, चाय, नाश्ता और विश्राम के लिए शिविर लगाने की अपील की। उन्होंने बताया कि हाईवे पर कांवरियों की सुविधा के लिए पेट्रोल पंप पर शौचालय और पेयजल की व्यवस्था की गई है। रास्ते में सभी नगर पालिका/पंचायत के शौचालय स्नानघर कांवरियों के प्रयोग के लिए रहेंगे। डीएम ने हाईवे पर पड़ने वाले जंगीगंज, गोपीगंज और औराई में उप जिलाधिकारी सहित क्षेत्राधिकारी और अधिशासी अधिकारी को निर्देशित किया कि इन रास्तों पर अतिक्रमण व अन्य अव्यवस्था को पूरे श्रावण माह दुरुस्त करें। पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि कांवड़ यात्रा के मद्देनजर जनपद को दो जोन और सात सेक्टर में विभाजित किया गया है। सभी स्थानों पर पुलिस कर्मियों और अधिकारियों की तैनाती की गई है। हाईवे पर कांवरियों के लिए उत्तरी लेन और सर्विस लेन को सुरक्षित कर दिया गया है। डिवाइडर कट बंद किए जा रहे हैं, यातायात आवागमन व्यवस्था के लिए दक्षिणी लेन और सर्विस लेन को पूरी तरह खोल दिया गया है। राष्ट्रीय राजमार्ग के अतिरिक्त मार्ग धौरहरा बॉर्डर जौनपुर सीमा से सहसेपुर बॉर्डर मिर्जापुर सीमा तक पुलिस की ड्यूटी लगाई गई है। इस मौके पर एडीएम शैलेंद्र मिश्र,एसडीएम योगेंद्र कुमार, सीओ भुवनेश्वर पांडेय, एएनएचआई के प्रोजेक्ट निदेशक पंकज मिश्रा, मैनेजर आयुष शिवहरे, इंजीनियर पी के मिश्रा, वीके कुशवाहा आदि रहे।