कैश की दिक्कत से जूझ रहे लोगों को एटीएम राहत नहीं दे सके। रविवार को बैंक की बंदी होने से एटीएम पर आस लगाए लोगों की उम्मीद धराशायी हो गई। जिले में करीब 35 से अधिक एटीएम में ज्यादातर के शटर नहीं उठे। ज्ञानपुर के एसबीआई, भदोही के एचडीएफसी समेत पांच से छह बैंकों के एटीएम खुले लेकिन चंद घंटे में वह कैशविहीन हो गए। इससे दिन भर लोग नकदी के लिए चक्कर काटते रहे। नगर से लेकर देहात तक नकदी के लिए कमोबेश एक जैसी स्थिति रही।
आठ नवंबर को पांच सौ और एक हजार की नोट बंद होने के बाद से ही पुराने नोट जमा करने से लेकर निकासी तक के लिए लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। करीब 10 दिनों तक लगातार बैंक खुलने के बाद रविवार को पहली बार बैंक बंद हुए तो लोग एटीएम से पैसे निकालने के लिए जद्दोजहद करते नजर आए लेकिन एटीएम में कैश न होने और तकनीकी सुधार के चलते ज्यादातर एटीएम के शटर गिरे हुए हैं।
ज्ञानपुर,भदोही और गोपीगंज में कुल पांच एटीएम ही चल रहे हैं। भीड़ अधिक होने से एटीएम भी कैश से खाली हो जा रहे हैं। पहले पहुंचने वाले लोगों को राहत मिली लेकिन बाद में पहुंचने वाले लोगों को अधिकांश जगहों पर निराशा ही हाथ लगी। नगर से लेकर देहात तक करीब 125 एटीएम खुले हैं लेकिन कैश न होने से वह सिर्फ शोपीस बनकर रह गए हैं।