ज्ञानपुर। महाराजा चेतसिंह जिला चिकित्सालय के स्कीन रोग विशेषज्ञ सात महीनों से नदारद है। चिकित्सक न होने के कारण स्कीन के मरीजों को वापस लौटना पड़ता है। चिकित्सालय में प्रतिदिन तकरीबन 50 स्कीन के मरीजों की ओपीडी होती है। अब ठंड का मौसम बढ़ रहा है तो स्कीन की बीमारी और तेजी से बढ़ेगी।
पिछले सात महीने यानी मई से जिला चिकित्सालय के स्कीन रोग विशेषज्ञ के डाक्टर नदारद है। अस्पताल न आने का सही कारण किसी को पता नहीं है। अस्पताल आने वाले त्वचा के मरीजों को वापस जाना पड़ता है। जैसे-जैसे ठंड बढ़ेगी वैसे-वैसे स्कीन के मरीजों की संख्या बढ़ेगी। चिकित्सक न होने के कारण ऐसे मरीजों को वापस जाना पड़ता है। चिकित्सालय में हर दिन एक हजार से 1100 की ओपीडी होती है। जिसमें से तकरीबन 50 मरीज स्कीन बीमारी के रहते हैं। दाद, खाज, खुजली आदि सहित विभिन्न स्कीन के बीमारी के मरीज पहुंचते हैं, लेकिन विशेषज्ञ न होने के कारण मरीजों को अन्य चिकित्सक या निजी अस्पतालों का सहारा लेना पड़ता है। जहां पर उनका अतरिक्त पैसा खर्च होता है। वहीं चिकित्सालय की स्कीन रोग विशेषज्ञ बीते सात महीने से पिता की बीमारी का प्रार्थना पत्र देकर अवकाश पर चल रहे हैं। चिकित्सालय के सीएमएस डाॅ. राजेंद्र कुमार ने बताया कि स्कीन रोग विशेषज्ञ डाॅ. आरजू मिश्रा बीते मई माह से ही अवकाश पर हैं। उन्होंने अस्पताल को सौंपे पत्रक में पिता के स्वास्थ्य ठीक न होने का उल्लेख किया है। जब तक पिता के तबीयत ठीक नहीं होगी, वे छुट्टी पर रहने का हवाला दिये हैं।
जिले में दोहरे शतक की ओर डेंगू, एक बार फिर मिले 14 केस
ज्ञानपुर। कालीन नगरी में डेंगू के आंकड़े बढ़ते ही जा रही हैं। आलम है कि डेंगू अब दोहरे शतक की ओर बढ़ रहा है। शुक्रवार को कुल 14 नए डेंगू के मरीज मिले। जिससे जिले में मरीजों की संख्या बढ़कर 197 हो गई। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार सभी मरीजों की स्थिति सामान्य है, लेकिन बढ़ते आंकड़े विभाग के लिए चिंता का विषय बने हुए हैं।
जिले में डेंगू केस लगातार बढ़ते जा रहे हैं। जिले में शुक्रवार को डेंगू के 14 नए केस मिले हैं। नए केस औराई, नई बाजार, मोढ़, वेदपुर, डीघ, सुरियावां आदि क्षेत्रों से डेंगू के नये मरीज मिले हैं। बीते साल 2022 में डेंगू के सर्वाधिक 101 मरीज मिले थे, जबकि इस साल अब तक 197 मरीजों की संख्या पहुंच गई है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक सभी मरीजों की स्थिति सामान्य है। डेंगू रैपिड रेस्पांस टीम मरीजों की निगरानी कर रही है। डेंगू के रोकथाम को लेकर स्वास्थ्य विभाग की ओर से चले रहे तमाम तैयारियों के बाद केस थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। विभाग ने 16 हाॅट स्पॉट बनाने के साथ ही सात आरआरटी टीम गठित की गई है। इसके बाद भी बढ़ते केस विभाग के लिए चिंता का विषय बने हुए हैं। जिला मलेरिया अधिकारी राम आसरे पाल ने बताया कि शुक्रवार को 14 व्यक्ति की रिपोर्ट डेंगू पॉजिटिव आई है। पीड़ित के घर के आस-पास दवा का छिड़काव करा दिया गया है। सभी मरीजों की स्थिति सामान्य है।
भदोही के रजपुरा में खुलेगा अर्बन हेल्थ वेलनेस सेंटर
ज्ञानपुर। भदोही शहर के रजपुरा में अर्बन हेल्थ वेलनेस सेंटर खोला जाएगा। इसके लिए जगह चिह्नित कर ली गई है। सेंटर किराए के भवन में संचालित होना है। अर्बन हेल्थ वेलनेस सेंटर के संचालन से क्षेत्रीय लोगों को इसका फायदा मिलेगा।
जिले के सभी निकाय क्षेत्रों में एक-एक अर्बन हेल्थ वेलनेस सेंटर खोले जाने का निर्देश है। खास बात है कि यह सेंटर किराए के भवन पर खोले जाने हैं। इन सेंटरों पर मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेगी। जहां एक चिकित्सक, एक फार्मासिस्ट और एक वार्ड ब्वाय की तैनाती होगी। सेंटर में चार बेड की सुविधा होगी। नगरीय क्षेत्रों में खुलने वाले यह हेल्थ सेंटर नगरीय क्षेत्र के लोगाें को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए खोली जा रही है। रजपुरा के पहले खमरिया व घोसिया में भी जगह देख ली गई है। भदोही के रजपुरा चौहारा से कूछ ही दूरी पर सेंटर खोला जाएगा। वहीं घोसिया पुलिस चौकी के पास और खमरिया के वार्ड संख्या नौ के पीपरकर कैथान में स्वास्थ्य केंद्र खोले जाएंगे। सेंटर 1400 स्क्वायर फुट के भवन में संचालित होगा। नोडल अधिकारी एके मौर्या ने बताया कि अर्बन हेल्थ वेलनेस सेंटर के लिए भवन चिहिन्त कर लिया गया है। सेंटर खुलने के बाद मौके पर ही लोगों को उपचार मिलेगा। यहा पीएचसी जैसी सारी व्यवस्थाएं मुहैया होगी।