मुंबई से आने-जाने वाली हर ट्रेन में प्रतिदिन यह नजारा देखने को मिलता है। स्रोत- संवाद
भदोही। गर्मी की छुट्टियों में मुंबई की ओर से भदोही आने के लिए टिकट की मारामारी अभी से शुरू हो गई है। ट्रेनों में 60 दिन पहले तक ही आरक्षण होता है।
आज से आने वाले 60 दिन तक एलटीटी से भदोही की ओर लौटने के लिए किसी भी ट्रेन में बर्थ खाली नहीं है।
भदोही-जंघई रेलमार्ग पर मुंबई रूट पर सर्वाधिक भीड़ होती है। पूर्व में जब आरक्षण चार महीने पहले ही मिलता था तब भी इस रूट की ट्रेनों में बर्थ बुक करने की होड़ रहती थी। अब जब रेलवे ने समय सीमा घटाकर दो महीने कर दी है तो बर्थ मिलने में ज्यादा दिक्कत हो रही है।
रेलयात्रियों का कहना है कि पहले ट्रेन जब वाराणसी से चलती थी तो बर्थ आसानी से मिल जाता था। भदोही रूट की ट्रेनें वाराणसी के बजाए बलिया और गोरखपुर से चलाई जाने लगीं हैं।
अब पलक झपकते ही ट्रेनें फुल हो जा रही हैं। मौजूदा समय में बर्थ की बात करें तो भदोही से गुजरने वाली तीनों ट्रेन 15017 एलटीटी-गोरखपुर काशी एक्सप्रेस, 11071 एलटीटी-बलिया कामायनी एक्सप्रेस व 12165 एलटीटी-गोरखपुर रत्नागिरी एक्सप्रेस में आज से 60 दिन बाद तक लौटने के लिए बर्थ खाली नहीं है।