चौरी के सुरहन गांव में चोरी के बाद टूटी आलमारी दिखाती महिला। संवाद
- फोटो : BHADOHI
चौरी। शुक्रवार की रात में चोरों ने सुरहन गांव में घरों में धावा बोलकर आठ लाख रुपये के सामान पर हाथ फेर दिया। पीड़ित परिवारों की तहरीर पर पुलिस ने शनिवार की सुबह घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पीड़ित चंदन सिंह ने बताया कि प्रतिदिन की तरह वह अपने परिजन के साथ खाना खाकर मकान में सो रहे थे। इस बीच रात में सेंध लगाकर घर के अंदर घुसे चोरों ने कमरे का ताला तोड़कर अलमारी में रखे चार नग सोने की चैन, दो नग सोने के कंगन, एक नग सोने की हार, एक नग सोने की अंगूठी, आठ नग चांदी के पायल, कीमती कपड़े उठा ले गए। चंदन ने बताया कि चोरी किए गए सामानों की कीमत लगभग सात लाख रुपये है। बताया कि मकान के आसपास खोजबीन करने पर टूटा बाक्स मिला जिसमें रखे सामान चोरों के हाथ लग चुके थे।
वहीं पीड़ित के पड़ोसी गंगा सिंह ने कहा कि उनके घर में भी चोर छत के रास्ते आंगन में उतर कर उसी कमरे का ताला तोड़ा जिसमें सामान रखे हुए थे। बताया कि चोर अटैची और आलमारी को तोड़कर एक नग सोने का हार, एक नग सोने की चैन, दो नग सोने की अंगूठी, छह हजार नकद आदि सामान लेते गए जिनकी कीमत दो लाख से अधिक आंकी जा रही है। इस संबंध में चौरी थानाध्यक्ष रामदरश राम ने कहा कि तहरीर पर दोनों मकानों का स्थलीय निरीक्षण कर चोरों की तलाश की जा रही है।