दुसरी शादी करने पर पुलिस को अपना बयान दर्ज कराती विवाहिता। संवाद
नईबाजार। चौकी क्षेत्र के गुलौरा गांव के एक युवक ने पहली बीबी के रहते हुए दूसरी शादी रचा ली। दूसरी बीबी से पहली शादी की बात भी छिपा ली। मामले की खबर मिलने पर दोनों पत्नियां उसके घर पहुंच गईं। मामला बढ़ता देख युवक मौका देखकर फरार हो गया। दोनों महिलाओं ने भदोही कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। नईबाजार से सटे गुलौरा गांव निवासी अजय चौरसिया की शादी आठ दिसंबर 2021 को मिर्जापुर के भटवा की पोखरी भूदेव की गली अगौली मिर्जापुर निवासी पूजा चौरसिया के साथ हुई थी। शादी के एक साल बाद ही साल 2022 में उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए पूजा अपने मायके मिर्जापुर चली गई। मायके वालों ने अजय के खिलाफ दहेज उत्पीड़न की प्राथमिकी दर्ज कराई। 24 नवंबर 2025 को अजय ने दूसरी शादी प्रयागराज की ऋषिका से कर ली। दूसरी शादी की जानकारी होने पर पूजा प्रयागराज ऋषिका से मिलने पहुंची। दूसरी पत्नी से जब बात की तो उसने कहा कि उससे शादी की बात छिपाई गई। मंगलवार को दोनों पहले तो गुलौरा गांव पहुंचीं, फिर बाद में कोतवाली पहुंचकर पति के खिलाफ शिकायत की। भदोही कोतवाली प्रभारी सच्चिदानंद पांडेय ने कहा कि शिकायत मिली है। मामले की जांच की जा रही है।