भदोही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र। -संवाद
भदोही। नगर के चौरी रोड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में एक्स-रे मशीन बिजली उपकरणों की कमी के चलते नहीं चल पा रहा है। यह समस्या लगभग दो महीने से है। मशीन ठीक न होने से गांव-गिरांव से यहां आने वाले मरीज मजबूरन निजी पैथाेलाॅजी वालों के यहां जाते हैं, जहां एक्सरे कराने के लिए भारी भरकम कीमत चुकानी पड़ती है। भदोही नगर के सीएचसी में शहरी क्षेत्र के लोगों के अलावा ग्रामीण क्षेत्र के भारी संख्या मे मरीज प्रतिदिन आते हैं। इनमे से प्रतिदिन 5-6 मरीज तो ऐसे होते हैं जिन्हें एक्स-रे कराने की सलाह दी जाती है। लोगों ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र की मशीन तो सही है लेकिन उसे चलाने के लिए लगा सीवीटी अक्सर खराब ही रहता है। मरीजों की मानें तो मशीन की सेवाएं महीनों से नहीं मिल पा रही है। कहा कि यदि कोई दिक्कत भी है तो उसे सही करने में कितना समय लगेगा। इस प्रकार देरी हो रही है। इस लिहाज से सीधा सीधा स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही है। उधर मशीन खराब होने का लाभ सबसे ज्यादा निजी पैथालाजी वाले उठा रहे हैं। एक एक्सरे कराने का खर्च 400 से 500 रुपये का होता है। डाक्टर एक्सरे कराने की बात कहकर शांत हो जाते हैं। मरीज की जिम्मेदारी है कि वह कराकर ले आएं।