भदोही। नगर के डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सोमवार को मतदाता पहचान पत्र को आधार से जोड़ने के लिए आधार एकत्रीकरण अभियान का शुभारंभ हुआ। इस मौके पर जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने कहा कि मतदाता पहचान पत्र आधार से जोड़ने से मतदान में फर्जीवाड़ा रुकेगा। इसका सर्वाधिक लाभ महिला और प्रवासी कामगार मतदाताओं को मिलेगा तथा मतदान में उनकी सहभागिता बढ़ेगी। यह भी बताया कि 7 और 21 अगस्त को जिले में सभी बीएलओ संबंधित बूथों रहकर यह काम करेंगे।
डीएम ने कहा कि सभी सभी छात्र और छात्राएं जो मतदाता की उम्र पूरी कर चुके हों वे अपना पहचान पत्र बनवा लें। बताया कि मतदाता पहचान पत्र को आधार से जोड़ने के लिए सभी को प्रारूप 6ख फार्म भर कर देने के लिए प्रेरित किया जाए। बताया कि लोग चुनाव आयोग के वोटरपोर्टल पर जाकर अथवा वोटर हेल्पलाइन ऐप की मदद से भी अपने आधार लिंक करा सकते हैं। यह भी बताया गया कि लोग फोन से 1950 डायल कर भी यह कार्य कर सकते हैं।
अतिथियों का स्वागत प्राचार्य डा.मुरलीधर राम ने किया। संचालन डा.शिखा तिवारी और आभार डा.आशुतोष कुमार श्रीवास्तव ने जताया। डा.माया यादव, डा.अनुराग सिंह, डा.राजकुमार सिंह यादव, डा.रुस्तम अली, डा.भावना सिंह, कार्यक्रम अधिकारी डा.अनीश कुमार मिश्र, डा.अमित तिवारी, आशीष जायसवाल, पूनम द्विवेदी, डा. अंकिता तिवारी आदि प्राध्यापक भी मौजूद रहे।