ज्ञानपुर। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत बाल स्वास्थ्य पोषण माह की तीन अगस्त से शुरूआत होगी। इसमें नौ माह से पांच साल तक के बच्चों को विटामिन ए की खुराक दी जाएगी। इसके लिए 422 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और 1400 आशा कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी गई है। जिला अस्पताल से इसकी शुरूआत होगी।
बच्चों के लिए विटामिन ए काफी महत्वपूर्ण होता है। इसकी कमी से तमाम प्रकार की बीमारियां उन्हें घेर लेती हैं। ग्रामीण अंचलों में गरीब तबके के परिवार बच्चों को विटामिन ए का पोषण नहीं दे पाते। शासन के निर्देश पर तीन अगस्त से जिले में इसकी शुरूआत होगी। 31 अगस्त तक चलने वाले अभियान में गांव-गांव आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता जाकर बच्चों को खुराक देंगी। सीएमओ डॉ. एसके चक ने बताया कि जिले में दो लाख से अधिक बच्चों को विटामिन ए की खुराक देने का लक्ष्य रखा गया है। डोर टू डोर चलने वाले कार्यक्रम के लिए 422 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और 1400 आशा बहुओं की ड्यूटी लगाई गई है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. सुरेश सिंह ने बताया कि यह अभियान स्वास्थ्य विभाग एवं बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार के सहयोग से मनाया जाएगा। जिला अस्पताल संग सभी सीएचसी और 16 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर विटामिन ए की खुराक मौजूद है। डीपीओ मंजू वर्मा ने बताया कि पोषण माह के दौरान बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग विटामिन ए की खुराक को शत प्रतिशत लक्ष्य पूर्ति में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका को दर्ज कराएगा।