ज्ञानपुर। उप स्वास्थ्य केंद्र पर काम करने वाली एएनएम, सीएचओ की मनमानी अब नहीं चलेगी। इनके कार्य की निगरानी के लिए दो सदस्यीय टीम गठित की गई है। सीएमओ ने डिप्टी सीएमओ व सीएचसी अधीक्षक की टीम बनाकर हर दो दिन में इनके कार्य की समीक्षा करने का निर्देश दिया है। दोनों अधिकारी हर सप्ताह अपनी रिपोर्ट सीएमओ को देंगे। उप स्वास्थ्य केंद्रों पर गर्भवती महिलाओं की जांच व बच्चों के टीकाकरण किए जाते हैं।मूंसी, गड़ेरियापुर, सुंदरपुर, मोढ़, सुरियावां, ज्ञानपुर, भदोही, औराई सहित ग्रामीण अंचलों में 206 उप स्वास्थ्य केंद्र संचालित होते हैं। यहां 190 सीएचओ और एएनएम की तैनाती है। कई सेंटर ऐसे हैं, जहां एक एएनएम, सीएचओ तैनात हैं। इनके काम की मॉनीटरिंग के लिए दो सदस्यीय टीम गठित की गई है। इसमें अधीक्षक और डिप्टी सीएमओ होंगे। ये हर सोमवार और शुक्रवार को कार्याें की समीक्षा करेंगे। वैसे रिपोर्ट प्रतिदिन पोर्टल पर अपलोड की जाती है लेकिन दो सदस्यीय टीम अपनी रिपोर्ट हर शनिवार को सीएमओ को देंगे। उपकेंद्रों पर गर्भवती महिलाओं की जांच, टीकाकरण आदि कार्य किए जाते हैं। सीएमओ डॉ. एसके चक ने बताया कि टीकाकरण व गर्भवती महिलाओं की जांच नियमित हो रही है। इसे और बेहतर बनाने के लिए एक नई पहल शुरू की गई है।