सीतामढ़ी। मानसूनी बारिश और बांधो से पानी छोड़ने से गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। 24 घंटे में फिर एक मीटर तक पानी बढ़ गया। बृहस्पतिवार को जलस्तर 75.63 मीटर तक पहुंच गया। इससे गंगा के किनारे रहने वाले बाशिंदों की चिंता बढ़ गई है।
पहाड़ी क्षेत्राें के साथ ही जिले में रूक-रूककर बारिश हो रही है। कुछ नदियों और बांधों का पानी छोड़ने से गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा है। करीब 10 दिनों तक स्थिर रहने के बाद गंगा का पानी मंगलवार की शाम से फिर बढ़ने लगा। मंगलवार को जलस्तर 73.69 मीटर दर्ज किया गया था जबकि बुधवार को 74.68 मीटर तक पहुंचा। बृहस्पतिवार को 75.63 मीटर तक पानी पहुंच गया है। अधिशासी अभियंता नहर सुधीर कुमार पाल ने कहा कि चार से पांच सेमी प्रति घंटे की रफ्तार से पानी बढ़ रहा है। चेतावनी बिंदु 80.20 मीटर से अभी पानी पांच मीटर तक कम है, हालांकि 76 मीटर से अधिक पानी होने पर छेछुआ, भुर्रा और मवैया सिंह में कटान आंशिक रूप से शुरू हो जाता है।