भदोही। उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम ने शहर के गजिया आरओबी निर्माण कार्य को 14 फरवरी से शुरू करने का अल्टीमेटम दिया तो सिटी के लोग खुद ब खुद अपने घर व दुकानों को तोड़ने में जुट गए । नतीजतन गजिया इलाके में आशियानों के तोड़े जाने पर भारी मात्रा में मलबे का ढेर जमा हो गया जिससे आनंद नगर सहित अन्य इलाकों में सुबह 10 बजे से पूरे दिन जाम लगा रहा। आलम यह था कि जो भी वाहन जिधर से भी आ रहे थे बुरी तरह से जाम में फंसते जा रहे थे।
स्टेशन रोड से चौरी रोड तक पहुंचने के लिए आनंद नगर ही एकमात्र रास्ता है। गजिया आरओबी का उत्तरी छोर आनंद नगर तक आएगा। महीनेभर लटके रहने के बाद सेतु निगम ने 14 फरवरी से निर्माण कार्य शुरू करने की बात कही है। कहा है कि जिन लोगों को भूमि, मकानों का मुआवजा मिल चुका है, वे अपने मकान हटा लें ताकि निर्माण कार्य शुरू हो सके। चेतावनी मिलते ही बुधवार रात से दर्जनों लोग अपने-अपने मकानों को तोड़ने में लग गए। यह काम बृहस्पतिवार को भी दिनभर चला। हालांकि इस संबंध में जिलाधिकारी राजेंद्र प्रसाद ने कहा कि समस्या के बारे में जानकारी कर शीघ्र ही जरूरी कदम उठाएं जाएंगे।