चौरी थाना क्षेत्र के मानिकपुर गांव में दंपत्ती को कमरे में बंद कर चोर तीन लाख रुपये मूल्य के आभूषण और एक एंड्रायड मोबाइल फोन उठा ले गए। शनिवार को सुबह बंद कमरा खुलने पर दंपत्ती को घटना की जानकारी हुई। जानकारी मिलने पर पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है।
मानिकपुर निवासी बेचन विश्वकर्मा गत माह मुंबई गए थे। उनके चौरी में भदोही-वाराणसी मार्ग के दक्षिणी छोर पर बने मकान में दामाद राहुल व पुत्री प्रीति रहते हैं। दामाद राहुल ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि प्रतिदिन की तरह वे परिवार के सदस्यों के साथ खाना खाकर शुक्रवार की रात एक कमरे में सो रहे थे। देर रात चोरी की नियत से पहुंचे चोरों ने कमरे को आगे से बंद कर दिया और अन्य कमरों में रखे बैग, अटैची को तोड़कर करीब तीन लाख रुपये मूल्य के आभूषण व मोबाइल आदि उठा ले गए। जाते समय चोर उसी बैग को साथ ले गए, जिसमें आभूषण, कपड़े आदि रखे गए थे। चोर एक कीमती मोबाइल भी उठा ले गए हैं। घर से कुछ दूर खाली बैग व कपड़े फेंके मिले। प्रभारी निरीक्षक बीके मौर्य ने कहा कि तहरीर के आधार पर चोरी के मामले की जांच शुरू कर दी गई है।