हैवी वाहनों से क्षतिग्रस्त टोल गेट की दीवार पर कराया जा रहा प्लास्टर। संवाद
- फोटो : BHADOHI
गोपीगंज। नगर में सिक्सलेन पर बने फ्लाईओवर में आई तकनीकी गड़बड़ी की जांच शनिवार को एनएचएआई की टीम ने किया। पुल के ज्वाइंट सेक्शन ( एक्सपेंशन जोन) में मिली कमी के सुधार कार्य जारी होने से दुकानदारों और सर्विसलेन पर आवागमन करने वालों ने राहत की सांस ली है। वाराणसी-प्रयागराज हाईवे के मध्य स्थित गोपीगंज नगर अतिव्यस्त नगर और बाजार है। पूर्व में यहां लगने वाले जाम से छुटकारा दिलाने के लिए एनएचएआई ने फोरलेन को सिक्सलेन में परिवर्तित करते समय लगभग 100 करोड़ से डेढ़ किमी का फ्लाईओवर बनवाया है। दो वर्ष पूर्व ही सिक्सलेन का कार्य 90 फीसदी पूर्ण होने पर फ्लाईओवर से आवागमन शुरू कराया गया। गत एक माह से गोपीगंज नगर के पिलर नंबर 18 के ऊपर तेज आवाज आने, बार-बार कंक्रीटयुक्त बोल्डर गिरने से दुकानदार, यात्री सहम गए थे। बृहस्पतिवार को मामला तूल पकड़ने पर एनएचएआई और रखरखाव की जिम्मेदारी संभालने वाली कार्यदाई संस्था के खिलाफ व्यापारी और दुकानदार मुखर हो गए। कमिश्नर और डीएम स्तर तक की गई शिकायत का असर रहा कि शनिवार को तकनीकी टीम ने पिलर नंबर 18 पहुंच कर जांच शुरू कर दी है। तकनीशियन बहादुर सिंह ने बताया एक्सपेंशन जोन में तकनीकी गड़बड़ी मिली है। सुधार कार्य जारी रखकर तेज आवाज आने और कंक्रीट बोल्डरों के गिरने की समस्या दूर कर दी गई है। नगर में पड़ाव क्षेत्र से झिलिया पुल तक बने डेढ़ किमी लंबे फ्लाईओवर और सर्विसलेन के दोनों ओर की जलनिकासी समस्या एनएचएआई के लिए नासूर बन चुका है। दुकानदार शुभम गुप्ता, झुल्लू गुप्ता, मदीना बेगम, करीमुद्दीन, प्रवेश कुमार, राहुल आदि ने बताया कि बारिश होने पर फ्लाईओवर झरना का रुप ले लेता है। फ्लाईओवर के किनारों पर लगी पाइपें मानक के विपरित है। बारिश बंद होने के बाद भी एक सप्ताह तक बारिश का पानी टपकता रहता है। नालों को मुख्य निकासी न होने से गिराई, मिर्जापुर रोड तिराहा, ज्ञानपुर रोड स्टेशन-पड़ाव, गिराई, सूफीनगर-गोधना, औराई चौराहा, तहसील रोड औराई, माधोसिंह चौराहा, घोसिया-जयरामपुर चौराहा जलमग्न होकर परेशानी बढ़ाते हैं। प्रबंधक (कार्य) वीके कुशवाहा ने बताया कि शिकायतों का क्रम बढ़ने पर तकनीकी टीम समस्याओं का समाधान करने में लग गई है।
गोपीगंज नगर में फ्लाईओवर के नीचे डिवाइडर लगाकर ऊपर जांच करते तकनीशियन। संवाद- फोटो : BHADOHI
गोपीगंज नगर में पिलर नंबर 18 के पास एक्सपेंशन जोन की स्थिति। संवाद- फोटो : BHADOHI
पिलर नंबर 18 के ऊपर तकनीकी जांच करती एनएचएआई की टीम।संवाद- फोटो : BHADOHI