जनपद में एक हजार से अधिक गांवों में बनने वाले 79 फीसद राशन कार्ड का लक्ष्य पूरा हो गया है। विभाग अब नया राशन कार्ड बनाने के लिए नया आवेदन स्वीकार नहीं करेगा। डीएसओ सीमा सिंह ने बताया कि पात्र गृहस्थी सुरक्षा योजना और अंत्योदय अंतर्गत निर्धारित 79 फीसद लक्ष्य में 10.65640 यूनिट का कार्ड लाभार्थियों के हाथों में है। अंत्योदय में कुल 38266 और पात्र गृहस्थी के लगभग साढ़े तीन लाख कार्डधारक प्रति माह रुटीन और वैश्विक महामारी कोरोना संक्रमण काल में प्रधानमंत्री-मुख्यमंत्री गरीब कल्याण अन्न नि:शुल्क योजना के तहत दो नगर पालिका, पांच नगर पंचायत, तीन तहसील, छह ब्लाकों से जुड़े 744 कोटे की दुकानों से राशन का लाभ ले रहे हैं। नए राशन कार्ड बनाने कार्य तभी संभव होगा जब शासन से कोई निर्देश मिलेगा और लक्ष्य का आवंटन होगा। नगरीय क्षेत्रों में लक्ष्य के सवाल पर कहा कि दो फीसद का लक्ष्य शेष रहने के कारण नगरीय क्षेत्र के लाभार्थियों का कार्ड अपेडट किया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में अंत्योदय/पात्र गृहस्थी में बने कार्डों की पात्रता-अपात्रता के लिए सत्यापन अधिकारी लगे हैं जिनकी ओर से सत्यापन रिपोर्ट देने में सुस्ती दिखाई जा रही है। सत्यापन में अपात्रों के स्थान पर जरूरतमंद परिवार को जोड़ा जा सकेगा।