गोपीगंज। नगर पालिका परिषद गोपीगंज के वार्ड संख्या 20 चुड़िहार मोहाल में बीते कुछ दिनों से लोगों के घर तक गंदे पानी की आपूर्ति हो रही है। पानी में दुर्गंध होने से लोगों के लिए मुश्किल हो रही है। यहां के रहवासियों ने समस्या समाधान के लिए विरोध प्रदर्शन किया, लेकिन अब तक मामला हल नहीं हुआ। शुक्रवार को नगर पालिका के जलकल विभाग की टीम ने सर्वे शुरू किया तो लोगों को उम्मीद जगी कि अब समस्या का समाधान हो जाएगा। चार दिन पहले मोहल्ले के एक दर्जन लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया था। उनका आरोप था कि सुबह जब पानी की आपूर्ति होती है तो काफी दुर्गंध होती है। हालांकि कुछ देर के बाद पानी साफ होता है, लेकिन शुरुआत में जो पानी आता है वह इतना गंदा होता है कि नहाने और कपड़ा साफ करने लायक तक नहीं होता। मोहल्ले के दिनेश अग्रहरी, बल्ला चुड़िहार, आजाद चुड़िहार, पालू चुड़िहार, सुरेश अग्रहरि, पंधारी अग्रहरी, विजय कौशल व अन्य रहवासियों ने प्रदर्शन करते हुए पालिका प्रशासन पर आरोप लगाया कि बीते वर्ष से मिनी नलकूप से गंदा और बदबूदार जलापूर्ति की जा रही है। बार-बार शिकायत करने पर पालिका प्रशासन ध्यान नहीं दे रहा है। ऐसे में समस्या का समाधान न होने पर आंदोलन के लिए मोहल्लेवासी बाध्य होंगे। एक जार में प्रदूषित पानी भरकर वार्ड के लोगों ने अधिशासी अधिकारी अमिता सिंह को भी दिखाया। इस पर पालिका प्रशासन ने प्रदूषित पेयजलापूर्ति की जांच की जिम्मेदारी तकनीकी कर्मियों को दी है। नगर पालिका के अध्यक्ष प्रह्लादास गुप्ता ने बताया कि वार्ड में पेयजल की समस्या को देखते हुए मिनी नलकूप की स्थापना कराकर मुख्य पाइप लाइन से मिनी नलकूप का कनेक्शन कराया है जिससे वार्डवासियों को परेशानी न उठानी पड़े। घरों में पहुंचे कनेक्शन की पाइप लाइन अंडरग्राउंड होने से कई बार सड़-गल जाती है। किसी परिवार का कनेक्शन डैमेज होने से प्रदूषित पानी घरों में पहुंच रहा है। उसे ठीक कराने के लिए पालिका के कर्मी लगे हुए हैं। जल्द ही साफ साफ पानी की आपूर्ति शुरू होगी।