भारत माता की जय न बोलने के एआईएमआईएम के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी के बयान से भड़के क्षेत्र के लोगों ने मंगलवार को वरुणा पुल के पास पुतला फूंक कर नाराजगी जाहिर की। ऑल इंडिया मजलिस इत्तेहादुल मुस्लिमीन अध्यक्ष के खिलाफ ग्रामीणों ने जमकर नारेबाजी की। कहा कि अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए भड़काऊ बयान देकर ओवैसी ने घृणित कार्य किया है।
वक्ताओं ने कहा कि ऐसे लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर माहौल बिगाड़ने का केस चलाया जाना चाहिए। ग्रामीणों ने कहा कि इस तरह के बयान जनता की भावनाओं को भड़काने वाले होते हैं। राजनीति से जुड़े लोगों को संकीर्ण मानसिकता से बोलने में हिचक नहीं होती है। जबकि इससे जनता में तमाम तरह की भ्रांतियां फैल जाती हैं। भारत माता पूरे देश के लिए सम्मानित शब्द है। यह देश के लोगों की भावनाओं से जुड़ा हुआ है। इस तरह के बयान देने वाले चाहे वह किसी भी धर्म के हो उन्हें छूट नहीं देना चाहिए। उनकी भावना है तो अपने तक रखे, बयान देकर विवाद पैदा न करे। कहा कि भारत माता शब्द देश के प्रति भक्ति का भाव प्रकट करता है। इस मौके पर भूपेश प्रताप सिंह, मुकेश राय, उमाकांत राय, इस्राइल, सत्तार, गोरई चौहान, रतन आदि मौजूद रहे।