ज्ञानपुर। बिजली विभाग के उपभोक्ता अब उपकेंद्र पर पहुंच कर समस्याओं का समाधान करा सकेंगे। विभाग ने समाधान के लिए प्रत्येक सोमवार का दिन निर्धारित किया है। 12 से 19 सितंबर तक चले एकमुश्त समाधान दिवस में आए 1592 में से कुल 1390 मामलों का समाधान अधिकारियों ने कराकर शेष रह गए मामलों को 30 सितंबर तक निस्तारित करने का दावा किया।
अधीक्षण अभियंता अशोक कुमार ने बताया कि विद्युत वितरण खंड प्रथम भदोही, द्वितीय ज्ञानपुर-गोपीगंज अंतर्गत 30 उपकेंद्रों से लगभग 2.25 लाख उपभोक्ता हैं। राजस्व को जमा करने से लेकर राजस्व बिल त्रुटि, मीटर में खराबी, जले ट्रांसफार्मर, जर्जर तार-खंभे को बदलने, नए कनेक्शन, बिना कनेक्शन के दर्ज मुकदमे का समाधान करवाया जा रहा है। प्रत्येक सोमवार को सभी उपकेंद्रों पर कार्यरत जेई उपभोक्ताओं से प्राप्त मामलों का समाधान कराएंगे।