जंगीगंज। डीघ ब्लॉक की बलीपुर गांव जाने वाली जंगीगंज-बड़ागांव मार्ग पर बना नाला व उसका कचरा ग्रामीणों और राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। गांव में गंदे पानी की निकासी के लिए नाला बनाया गया है, लेकिन नाला जाम होने के कारण पानी सड़क पर बहता था। इससे लोगों को कीचड़, दुर्गंध और मच्छरों की समस्या से जूझना पड़ता था। बलीपुर निवासी बच्चन सिंह, रामआसरे, शिव कुमार समेत अन्य ने बताया कि यह समस्या कई साल से चली आ रही है।ग्रामीणों की शिकायत के बाद ग्राम प्रधान द्वारा नाले की सफाई कराई गई, लेकिन सफाई के बाद निकली मिट्टी और कीचड़ को नाले के किनारे ही छोड़ दिया गया। जिससे बारिश के बाद यही मिट्टी और गंदगी बहकर सड़क व ग्रामीणों के घरों के सामने पहुंच रही है। इससे लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है। कई बार नाले से निकली मिट्टी और गंदगी हटाने की मांग की गई, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। वहीं कई स्थानों पर नाला खुला छोड़ा है। प्रधान सुनील सिंह चौहान ने बताया कि नाला सफाई कराई गई है। कचरे को भी जल्द उठवाया जाएगा। बारिश से कुछ काम बाधित हुआ था।