काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में शनिवार को स्नातकोत्तर में द्वितीय मेरिट से चल रहे प्रवेश के दौरान छात्रों ने हंगामा कर काउंसलिंग को जबरन स्थगित करा दिया। छात्रसंघ अध्यक्ष अमन शुक्ला के नेतृत्व में छात्रों ने कालेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर प्रवेश में धांधली करने का आरोप लगाया। छात्रों ने अब तक लिए गए प्रवेश की जांच कराने की मांग की।
छात्रों के हंगामे से काउंटरों से प्राध्यापक भी हट गए। इससे कालेज में देर तक हंगामे का माहौल रहा। छात्रों ने प्रत्येक काउंटर पर जाकर प्राध्यापकों को प्रवेश कार्य बंद करने के लिए विवश कर दिया। इस दौरान तैनात सुरक्षा कर्मियों को बुला लिया गया। हालांकि फोर्स गेट पर ही खड़ी रही। इस दौरान प्राध्यापकों के प्राचार्य कक्ष में आने पर भी विरोध में छात्र नारेबाजी करते रहे। छात्रों ने आरोप लगाया कि कालेज प्रशासन अपने चहेतों समेेत रसूखदारों के दबाव में आकर कुछ सीटों पर बिना मानक के प्रवेश ले लिया है। ऐसे में मेरिट से हो रहे प्रवेश का औचित्य नहीं है। विरोध करने वालों में अमन शुक्ला के अलावा, शिवम शुक्ला, सूरज कुमार, दीपक तिवारी, सौरभ कुमार समेत आदि शामिल रहे।