औराई के गुलालपुर गांव में जाने वाली जर्जर मार्ग। स्रोत ग्रामीण
औराई। ब्लॉक के सीमावर्ती गुलालपुर गांव में मंडी समिति की ओर से 49.97 लाख की लागत से सड़क बनाई जाएगी। एक किलोमीटर लंबी सड़क का रविवार को विधायक दीनानाथ भाष्कर ने शिलान्यस किया। करीब पांच साल से चल रही मांग पूरी होने की उम्मीद जगी है। अभी तक यह मार्ग खड़ंजा था, अब डामरयुक्त बनाया जाएगा। इससे आवागमन सुगम होगा। यह मार्ग मिर्जापुर के कई गांव को जोड़ती है।
जिले में ढाई हजार किलोमीटर के क्षेत्र में सड़कों का जाल फैला है। इसकी निगरानी लोक निर्माण, आरईएस, पीएमजीएसवाई, जिला पंचायत और मंडी समिति करती है। हर साल इन सड़कों की मरम्मत पर लाखों रुपये खर्च किए जाते हैं। सभी विभागों का नोडल लोक निर्माण विभाग होता है। गुलालपुर गांव में बने खडंजा मार्ग से मटियारी सहित चार से पांच गांव के लोगों का आवागमन होता है। खडंजा जर्जर होने के कारण बीते दो सालों से ग्रामीणों का चलना दूभर हो गया है। बारिश के दिनों में फिसलन होने से बाइक सवार गिरकर चोटिल होते रहते हैं। ग्रामीणों की मांग पर मंडी समिति गोपीगंज ने प्रस्ताव शासन को भेजा था। जिसकी स्वीकृति मिली है। यह एक किमी मार्ग 49.97 लाख से डामरयुक्त किया जाएगा। उप निदेशक निर्माण मंडी परिषद एसके वर्मा ने बताया कि औराई के गुलालपुर गांव में जाने वाली एक किलो मीटर मार्ग का शिलान्यास हुआ है। जल्द ही सड़क का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।