बिजली कटौती से परेशान लोगों ने किया प्रदर्शन
बेतहाशा बिजली कटौती के विरोध में बुधवार को ज्ञानपुर नगर के लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। पुरानी बाजार में लामबंद हुए नगर के लोगों ने रात्रिकालीन बिजली कटौती को तत्काल बंद करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए नारेबाजी की। कहा कि गर्मी में लगातार कटौती से जीना मुहाल हो गया है।
जिले में बिजली समस्या सुधरने का नाम नहीं ले रही है। जर्जर तार-पोल के सहारे आपूर्ति की जा रही बिजली कभी शटडाउन तो कभी ब्रेकडाउन के चक्कर में उलझी रहती है। पिछले हफ्तेभर से रात में बिजली कटौती हो रही है। बिजली कटौती के कारण रात की नींद में पड़ने वाले खलल से परेशान नगर के लोगों और व्यवसायियों ने बुधवार को पुरानी बाजार में प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने कहा कि रोज-रोज की कटौती से लोग बेहाल हैं और कोई ध्यान देने वाला नहीं है।
श्याम प्रकाश गुप्ता की अगुवाई में लामबंद हुए नागरिकों ने जमकर नारेबाजी की। कहा कि अगर शीघ्र बिजली आपूर्ति न सुधरी और रात्रिकालीन कटौती बंद न हुई तो आंदोलन तेज किया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में प्रमुख रूप से पिंटू, शानू, बच्चा गुप्ता, गौतम कुमार, विनोद आदि मौजूद रहे। े चिकित्सक डॉ. अनिल कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक लंबे समय तक नींद में बाधा रहने से कई समस्याएं हो सकती हैं।
एक तो ब्लड प्रेशर के मरीजों का बीपी बढ़ने का खतरा बना रहता है। इसके अलावा अपच की समस्या के कारण कई दिक्कतें सामने आती हैं। आदमी चिड़चिड़ा हो सकता है। इसलिए सोना अनियावर्य है। रात में बिजली कटौती से परेशानी होती है।