बाबा बड़े शिव मोड़ के पास अनियंत्रित पिकअप नाले में पलटी। संवाद
गोपीगंज। राष्ट्रीय राजमार्ग पर पिलर नंबर-44 बाबा बड़े शिव मोड़ के पास मंगलवार को धान लेकर मंडी जा रही पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी मारूति वैन से टकरा गई। टक्कर के बाद वह गहरे नाले में पलट गई। संयोग रहा कि पिकअप सवार सभी लोग बाल-बाल बच गए। राम का पूरा गांव निवासी सच्चिदानंद उपाध्याय आठ वर्षीय पोती के साथ ककराही गांव के चालक रघुनाथ यादव की पिकअप पर धान लादकर ककराही मंडी जा रहे थे। पिकअप पिलर नंबर-44 के पास पहुंची थी कि चालक ने बताया कि वाहन का स्टेयरिंग लॉक हो गया। तब तक पिकअप अनियंत्रित होकर राष्ट्रीय राजमार्ग के उत्तरी लेन पर स्थित राहुल सेठ के घर के सामने खड़ी मारुति वैन में टक्कर मारते हुए सड़क किनारे बने नाले में पलट गई। हादसे के बाद पिकअप पर लदा धान सड़क और नाले में बिखर गया। घटना के बाद मारुति वैन के मालिक ने क्षतिग्रस्त गाड़ी के मुआवजे की मांग की। इसको लेकर पिकअप चालक और मारुति वैन मालिक के बीच नोकझोंक भी हुई।