भाजपा कार्यालय के समीप हॉस्टल चौराहे पर पाक प्रधानमंत्री नवाज शरीफ का पुतला दहन करते भाजपाजन।
कश्मीर के उड़ी में आतंकी हमले के विरोध में शुक्रवार को भाजपाजनों का गुस्सा फूट पड़ा। भारतीय जनता युवा मोर्चा की अगुवाई में पार्टी कार्यकर्ताओं ने ज्ञानपुर नगर के हॉस्टल चौराहे पर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ का पुतला फूंककर घटना का विरोध जताया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी करते हुए इस घटना को पाकिस्तान की कायराना हरकत करार दिया।
भाजपा जिलाध्यक्ष हौसिला प्रसाद पाठक की मौजूदगी में सड़क पर उतरे कार्यकर्ताओं ने कहा कि पाकिस्तान एक आतंकी देश है। कहा कि वह चोरी और फिर सीनाजोरी के रवैये पर चल रहा है। भाजयुमो जिलाध्यक्ष विनय पांडेय ने कहा कि पाकिस्तान को अपनी चिंता करनी चाहिए। कहा कि भारत की तरक्की में खलल डालने के लिए वह आतंकवादियों को आगे कर छद्म युद्ध लड़ रहा है। इसका भारतीय सेना और बीएसएफ मुंहतोड़ जवाब दे रहीं हैं।
जिला महामंत्री राजन और उपाध्यक्ष पंकज बिंद ने कहा कि प्रधानमंत्री इस बार पाकिस्तान को कूटनीतिक और सैन्य बल दोनों तरह से जवाब देंगे। अश्वनी अग्रवाल और चिंटू उपाध्याय ने भी विचार व्यक्त किए। इस दौरान पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाए। इस मौके पर दिनेश पांडेय, अनुराग पांडेय, अजय, पवन, कपिल मिश्रा आदि मौजूद रहे।