बीडीसी व जिला पंचायत सदस्यों के चुनाव परिणाम आ जाने के बाद नजरें प्रधानी चुनाव पर टिक गई हैं। शनिवार को प्रधानी चुनाव की तिथियां घोषित होने के बाद ग्रामीणों ने सबसे पहले मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की सुधि ली। चुनाव की तैयारियों में लगे भारी संख्या में संभावित प्रत्याशी व उनके समर्थक सूची में नाम जुड़वाने को बेताब हो गए। शनिवार को ग्रामीण क्षेत्रों की मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान का अंतिम दिन होने से तहसील में नाम जुड़वाने वालों की भारी भीड़ लगी रही।
प्रधानी चुनाव की शुरूआत 27 नवंबर को भदोही ब्लाक क्षेत्र के मतदान से होगी। इसके लिए 16 व 17 नवंबर को भदोही ब्लाक में नामांकन होगा। तारीखों की घोषणा होते ही शनिवार को भारी संख्या में नए और छूटे मतदाता तहसील पहुंचे। इनमें दर्जनों चुनाव लड़ने की इच्छा रखने वाले भी रहे जिनका नाम सूची में नहीं है। चूंकि आज नाम चढ़वाने का अंतिम दिन था इसलिए लोगों को लंबी लाइन लगानी पड़ी। सायं 4 बजे तक लोगों के फार्म जमा कराए गए।
तहसीलदार हेमंत कुमार गुप्ता ने बताया की जो फार्म जमा किए जा रहे हैं उनका सत्यापन कराकर 16 नवंबर को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन करा दिया जाएगा।