गोपीगंज। नगर में चोरी-छिनैती जैसी घटनाएं बढ़ रहीं हैं। मंगलवार को दो बाइक सवार बदमाशों ने मिर्जापुर रोड स्थित सिद्धनाथ मार्ग पर एक महिला से सोने के चेन छीन ली। सूचना के बाद पहुंची पुलिस सीसी फुटेज खंगालने में लगी रही।
सुरियावां के पुरानी बाजार निवासी रामबाबू अग्रहरि की पत्नी मीरा देवी मंगलवार को सड़क दुर्घटना में घायल अपने भाई नानक अग्रहरि को देखने आई थी। मिर्जापुर रोड बस स्टैंड पर उतरकर वे पैदल ही भाई के घर जा रही थी। इस बीच जैसे ही वे गली में घुसी इस दौरान एक बाइक पर सवार दो युवक महिला के गले की सोने की चेन छीनकर फरार हो गए। अकस्मात हुई छिनैती की इस घटना से हतप्रभ महिला जब तक शोर मचाती बाइक सवार बदमाश भाग निकले। दिनदहाड़े हुई चेन छिनैती की घटना से लोगों में भय व्याप्त हो गया है। आस पास के लोगों ने तत्काल इसकी जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस सीसी फुटेज खंगालने में लगी रही। पीड़िता मीरा देवी ने बताया कि उसकी चेन दो तोले का था। जिसकी कीमत लगभग एक लाख रुपये थी। पीड़ित महिला की तहरीर पर ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।