नगर पालिका कार्यालय गोपीगंज के सामने धरने पर बैठे सभासद। संवाद
- फोटो : BHADOHI
गोपीगंज। पेयजल, प्रकाश, शौचालय और पार्किंग की व्यवस्था ठीक करने की मांग को लेकर नाराज गोपीगंज नगर पालिका के कुछ सभासदों ने शनिवार को पालिका कार्यालय के सामने ही धरना दे दिया। पालिका प्रशासन पर आरोप लगाया कि प्रस्ताव तो लिए जाते हैं, उन पर मुहर भी लगती है, लेकिन काम नहीं होते। जो कार्य कराए जाते हैं उनमें भी अनियमितता का मामला सामने आता है। इस तरह की मनमानी बंद होनी चाहिए। नगर पालिका की ईओ ने सभासदों से ज्ञापन लिया तब जाकर धरना समाप्त हुआ। सभासदों का धरना करीब एक घंटे तक चला। सभासदों ने चेतावनी दी कि समस्याओं का समाधान न होने पर आमरण अनशन किया जाएगा। वार्ड 21 के सभासद डॉ. आनंद मोदनवाल, वार्ड 14 के सभासद अनूप जायसवाल और वार्ड 22 के सभासद मोहित उमर ने कहा कि पेयजल, आवागमन, प्रकाश व्यवस्था, शौचालय, पार्किंग की व्यवस्था, वार्डों की साफ-सफाई, तालाब की सफाई न होने से आम आदमी को परेशानी होती है। बोर्ड की बैठकों में इन कार्यों के लिए लाखों रुपये के कार्यों पर मुहर लगती है, लेकिन कार्य नजर नहीं आ रहे हैं। कुछ कार्य हो भी रहे हैं तो मानक की अनदेखी की जाती है। सभासद मोहित उमर ने बताया कि एक कार्यदाई संस्था को दिसंबर 2021 में निविदा प्राप्त हुई थी और निविदा में तय समय पर कार्य न कर कार्यदाई संस्था ने नियमों का उल्लंघन किया। संस्था के खिलाफ जांच कर धरोहर धरोहर राशि जब्त कराई जानी चाहिए। कहा कि नगर के तालाबों की सफाई न होने से अतिक्रमण बढ़ रहा है। बारिश में जाम पड़ी नालियां, खुले मैनहोल से खतरा है। कूड़े का उठान कराकर ब्लीचिंग का छिड़काव कराया जाए। पेयजल आपूर्ति की नियमित जांच होनी चाहिए। अधिशासी अधिकारी अमिता सिंह ने बताया कि सभासदों से प्रार्थनापत्र लेकर धरना समाप्त करा दिया गया। जो शिकायतें हैं उनकी जांच कराई जाएगी।